नगर निगम गुरुग्राम की ओर से शहर में अवैध एवं अनधिकृत निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को निगम की एनफोर्समेंट टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए अनधिकृत निर्माण हटाए, कई भवनों को सील किया और सड़क क्षेत्र में बनाए गए रैंप तोड़े। न्यू कॉलोनी सर्कुलर रोड पर अनधिकृत रूप से बनाए गए एक बड़े व्यावसायिक भवन के खिलाफ कार्रवाई की। जेसीबी मशीन की सहायता से भवन को जमींदोज कर दिया गया। इसके अलावा क्षेत्र में दो अन्य व्यावसायिक भवनों को सील किया गया और सड़क क्षेत्र में बनाए गए 80 से अधिक रैंप तोड़े गए। टीम ने पटेल नगर और बर्फ खाना क्षेत्र में भी दो भवनों को सील किया।