इटली की महिला से ठगी के मामले में आरोपी अखिल मौर्या की पुलिस हिरासत में मौत हो गई है। वह 2 अक्तूबर से भोंडसी जेल में बंद था। अधिवक्ता प्रवीन सोनी ने आरोप लगाया कि ओसीडी से पीड़ित अखिल ने 15, 16 व 17 अक्तूबर को जेल प्रबंधन से दवा व इलाज मांगा था। सोमवार 19 अक्तूबर की सुबह उसे जेल से सेक्टर 10 सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार वाले भोंडसी जेल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अखिल को 1 अक्तूबर को सेक्टर 17 से गिरफ्तार किया गया था, जबकि 29 सितंबर को इटली की महिला की शिकायत पर साइबर अपराध थाना पश्चिम में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। अधिवक्ता का यह भी आरोप है कि पुलिस ने बीएनएस 35 (3) का नोटिस नहीं दिया और 1 अक्तूबर की रात तबीयत बिगड़ने पर उसके जीजा ने दवा दी थी।