मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में 63 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। ये विद्यार्थी वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेश के शीर्ष 10 स्थानों पर रहे। बेहतर परीक्षा परिणाम देने वाले छह विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी सम्मानित किया गया। हाईस्कूल में अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, इंटरमीडिएट में गीतिका पंत और सुशीला मेहंदीरत्ता ने 98 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता में शिक्षकों और अभिभावकों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को आधुनिक तकनीक, नवाचार और भारतीय जीवन मूल्यों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।