कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी अंतर्गत रवि शंकर नगर का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो रवि शंकर नगर इलाके का है, जहां देर रात सजी हुई सड़क पर काली कार क्रमांक CG 12 BV 6007 पर तीन युवतियां खतरनाक स्टंट करती नजर आ रही हैं। गरबा और नवरात्रि की सजावट वाली सड़क पर इस तरह का स्टंट चर्चा का विषय बना हुआ है।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवती कार की बोनट पर लेटी हुई है, जबकि दो अन्य युवतियां कार के दोनों दरवाजों पर लटकी हुई हैं और चलती कार में डांस कर रही हैं। सड़क पर लगी लाइटिंग के बीच यह स्टंट किया जा रहा है, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता था। वीडियो पर लिखा है Freedom उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो.. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं और पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि चौकी मानिकपुर अंतर्गत रवि शंकर नगर में कल एक काले रंग की कार के बोनट और दोनों दरवाजों पर अलग-अलग तीन लड़कियां बैठी हुई थी और कार चल रही थी। इस प्रकार से घातक परिस्थितियों में लापरवाही पूर्वक और लोगों के जीवन को संकटापन्न अवस्था में डालकर गाड़ियों को चलाना पाया गया।
एडिशनल एसपी ने बताया कि इस मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार की पहचान कर ली गई है और संबंधित युवतियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि इस तरह के स्टंट से बचें। यह न केवल खुद के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। त्योहारी सीजन में सड़कों पर भीड़ रहती है, ऐसे में इस तरह की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता है। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए अपनी जान जोखिम में डालना समझदारी नहीं है, यातायात नियमों का पालन करें।