Tata Tiago Facelift: सामने आए नई टाटा टियागो और टियागो ईवी के इंटीरियर्स, 28 मई को लॉन्च होंगी दोनों कारें
Tata Tiago Facelift:
टाटा मोटर्स ने नई टियागो और टियागो ईवी फेसलिफ्ट के लॉन्च से पहले इनके इंटीरियर की पहली झलक दिखा दी है। नई टियागो का केबिन अब पहले से ज्यादा प्रीमियम और मॉडर्न नजर आता है। इसमें पूरी तरह नया डैशबोर्ड डिजाइन, फ्री-स्टैंडिंग डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, रोटरी गियर सिलेक्टर और वायरलेस चार्जिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा रियर एसी वेंट्स, USB Type-C पोर्ट्स और डुअल-टोन अपहोल्स्ट्री भी देखने को मिले हैं। एक्सटीरियर में एलईडी हेडलाइट्स, नए अलॉय व्हील्स और अपडेटेड रियर डिजाइन मिलेगा। नई टाट टियागो और टियागो ईवी की कीमतों का खुलासा 28 मई 2026 को किया जाएगा।

विस्तार
टाटा मोटर्स अपनी लोकप्रिय हैचबैक टियागो और टियागो ईवी को एक बड़े अपडेट के साथ बाजार में उतारने के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी ने हाल ही में इसके एक्सटीरियर यानी बाहरी लुक का टीजर जारी किया था और अब अपने नए वीडियो के जरिए उसने कार के केबिन की झलक भी दिखा दी है। अगर आप भी इस बजट-फ्रेंडली कार के नए अवतार का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं तो आइए जानते हैं कि इस बार कंपनी इसमें क्या कुछ खास बदलाव लेकर आ रही है।
1. केबिन और इंटीरियर
नया डैशबोर्ड पूरी तरह से री-डिजाइन किया गया है। इसमें सबसे बड़ा आकर्षण एक नया फ्री-स्टैंडिंग डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है। डैशबोर्ड पर दी गई एक सीधी हॉरिजॉन्टल लाइन इसके केबिन के डुअल-टोन कलर थीम को बहुत खूबसूरती से अलग करती है। सेंटर कंसोल की बात करें तो यहां पारंपरिक गियर लीवर को हटाकर एक आधुनिक रोटरी डायल दिया गया है।
साथ ही ऑटोमैटिक वेरिएंट्स में पैडल शिफ्टर्स भी शामिल किए गए हैं, जो ड्राइविंग अनुभव को और बेहतर बनाएंगे। इसके अलावा, कार में वायरलेस चार्जिंग की सुविधा के साथ ही आगे और पीछे के पैसेंजर्स के लिए USB Type-C चार्जिंग पोर्ट्स भी दिए गए हैं। पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम का ध्यान रखते हुए इसमें रियर एसी वेंट्स और नई फैब्रिक अपहोल्स्ट्री भी जोड़ी गई है।
2. एक्सटीरियर
बाहरी डिजाइन के मामले में नई टियागो पहले से कहीं ज्यादा शार्प और मॉडर्न नजर आएगी। इसके फ्रंट प्रोफाइल में सबसे बड़ा बदलाव इंटीग्रेटेड DRLs के साथ दिए गए फुल एलईडी हेडलैंप्स हैं, जो कार को एक प्रीमियम लुक देते हैं। इसके अलावा, साइड प्रोफाइल में नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स इसे एक फ्रेश लुक प्रदान करेंगे। रियर हिस्से को भी पूरी तरह से री-डिजाइन किया गया है और ग्राहकों को लुभाने के लिए इसमें कुछ नए और आकर्षक कलर विकल्प भी शामिल किए जा सकते हैं।
3. इंजन और पावर
इंजन और पावर की बात करें तो कार के मैकेनिकल कंपोनेंट्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे इसका पुराना भरोसेमंद प्रदर्शन बरकरार रहेगा। नई टियागो में पहले की तरह ही 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 1.2-लीटर आई-सीएनजी (iCNG) का विकल्प मिलता रहेगा। ट्रांसमिशन के लिए ग्राहकों को इस बार भी मैनुअल और एएमटी (AMT) गियरबॉक्स के ही विकल्प मिलेंगे।
कब होगी कीमतों की घोषणा?
टाटा मोटर्स आगामी 28 मई को नई टियागो और टियागो ईवी की कीमतों का आधिकारिक ऐलान करेगी। इंटीरियर में हुए इन बड़े और प्रीमियम बदलावों के बाद देखना होगा कि कंपनी इसकी कीमतों को कितना आक्रामक रखती है।