विज्ञापन

देशी दीवाली : लौट आओ मिट्टी के दीयो!

RAMANUJ PATHAK

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            देशी दीवाली : लौट आओ मिट्टी के दीयो!
        
                                                    
                            

कभी छूही से घर दमकते थे,
आंगन गोबर से महकते थे,
आम-पात की बंदनवारों में,
कितने अपनेपन चहकते थे।

मिट्टी के दीये, सरसों का तेल,
बाती में सिमटा उजला खेल,
थोड़े साधन, खुशियां अपार,
हर घर अपना, हर मन में प्यार।

न बाजारों की चकाचौंध थी,
न कृत्रिमता की अंधी दौड़,
माटी के छोटे-छोटे दीयों में,
बसती थी उजियारे की ओट।

अब रंग-बिरंगी झालरें हैं,
बिजली के लाखों नजारे हैं,
कृत्रिम फूलों की सजावट है,
पर मन में कैसी बनावट है!

छूही की दीवारें खो गईं,
गोबर की सौंधी गंध खो गई,
कुम्हार के चाक की गति थमी,
माटी की अपनी चमक खो गई।

जिस पर्व ने प्रकृति से सीखा,
उसने ही प्रकृति को बिसराया,
प्लास्टिक के फूलों से सजकर,
किसने अपना घर महकाया?

रोशनी बढ़ी, पर सोच कहां?
उजियारा है, पर लोक कहां?
हजार झालरों के बीच खड़े,
मिट्टी के दीये अशोक कहां?

नहीं विरोध नई तकनीकों का,
नहीं आग्रह बीते कल का,
बस इतना हो कि उत्सव में,
सम्मान रहे अपनी माटी का।

एलईडी की चमक भी हो,
दीयों की लौ का दम भी हो,
आम-पात की हरियाली हो,
कुम्हार के घर खुशहाली हो।

फिर से आंगन लिपें प्रेम से,
रंगोली सजे सहज नेह से,
कुछ दीये जलें उस कुम्हार के,
जिसके सपने पलते चाक पे।

दीपावली केवल पर्व नहीं
अपने घर सजाने का, दीप जलाने का,
यह पर्व है अपनी जड़ों को पहचानने,
और प्रकृति का ऋण चुकाने का।

लौट आओ मिट्टी के दीयो!
लौट आओ आंगन की महक!
चमको जरूर आधुनिकता में,
पर मत खोना अपनी चमक।

दीये की लौ छोटी हो सकती है,
पर उसका रिश्ता धरती से गहरा है;
जिस दीपावली में मिट्टी मुस्कराए,
वही उत्सव सचमुच सुनहरा है।
26 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Dr fouzia

6984 कविताएं

View Profile

Ankit Kumar

11179 कविताएं

View Profile

Updesh Kumar

13566 कविताएं

View Profile