उल्फत कैसे ये जादू जगाये
बेचैनियों में सुकूँ कोई पाये
पड़े कल राधा के हिय को तभी तो
जब वेनु मुरली मनोहर बजाये
यूँही कुछ अचानक लगे लौ जो दिल की
भ्रमर को कुमुदिनी क्यूँ ना बुलाये
रची किसने सोचूँ ये उल्फत की माया
समंदर में मिलने नदी चलती जाये
है स्वाद गूंगे के गुड़ जैसा इसमें
कोई कितना चाहे मगर कह ना पाये
निगाहों में मस्ती सी रिसती निरंतर
खुशबू अलग सी नजर सबको आये
मिलते हैं मोती उसको यहाँ पर
गहरे में गोते जो जाके लगाये
मिलता खुदा और विसाले सनम भी
दीवाने पन की जो हद से भी जाये
गली संकरी अति उल्फत की होती
तू और मैं का ये अंतर मिटाये
आलोक आहट सुनकर किसी की
धड़के कलेजा ये जोरों से हाये
-आलोक