देह पानी थी हमें इक दूसरे की, पा चुके हैं
क्यों न अब हम प्यार का नाटक
यहीं पर खत्म कर दें !
प्यार को बदनाम करने में कसर हमने न छोड़ी
वासनाओं को रुपहले आवरण हमने दिये हैं
भावनाओं पर नियंत्रण कर नहीं पाये कभी भी
सभ्यता के साथ वर्जित आचरण हमने किये हैं
हम तुम्हारा तुम हमारा मन बहुत बहला चुके हैं
चिह्न सब सम्बंध के वाचक
यहीं पर खत्म कर दें !
आग से पानी मिलाकर देखना ही था हमें तो
भाप बनकर उड़ गयी हर एक जिज्ञासा हमारी
है बहुत संभव कि हम इक दूसरे को मार डालें
अब बदलने भी लगी है दिन ब दिन भाषा हमारी
स्वप्न में देखे गये वे चित्र सब धुँधला चुके हैं
जो गढ़े थे प्यार के मानक
यहीं पर खत्म कर दें !
आगे पढ़ें
कमेंट
कमेंट X