आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

आज का शब्द: शीर्षक और महावीर प्रसाद ‘मधुप’ की कविता- गीत लिखो तुम चाहे जितने स्वर्ग और पाताल के

आज का शब्द
                
                                                         
                            'हिंदी हैं हम' शब्द श्रृंखला में आज का शब्द है- शीर्षक, जिसका अर्थ है- वह शब्द या शब्द समूह जो किसी विषय से परिचित होने के लिए सबसे ऊपर लिखा जाता है। प्रस्तुत है महावीर प्रसाद 'मधुप' की कविता-  गीत लिखो तुम चाहे जितने स्वर्ग और पाताल के
                                                                 
                            


गीत लिखो तुम चाहे जितने स्वर्ग और पाताल के
पर मेरी कविता का शीर्षक धरती का इंसान है।

उस अँधियारी कुटिया का मैं जलने वाला दीप हूँ,
भूले से भी जहाँ उजाला जाता नहीं प्रभात का।
रिमझिम करता सावन हूँ मैं उस मरुथल से खेत का,
जहाँ न बरसा बादल कोई कभी किसी बरसात का॥
देव समझ कर रहो पूजते तुम चाहे पाषाण को,
मेरे पावन मन-मन्दिर का मानव ही भगवान है॥

चिर वियोगिनी उस बगिया का मैं मादक मकरन्द हूँ,
मिला न जिसको कभी स्नेहमय आलिंगन मधुमास का।
पी-पी रट कर हार चला जो तकता नीलाकाश को,
स्वाति बूंद का जलधर हूँ मैं उस चातक की प्यास का॥
करो कामना तुम समृद्धि की अथवा पद निर्वाण की,
मानवता का आराधन ही मेरा लक्ष्य महान है॥

वह एकाकी पंथी जिसके संगी छूटे राह में,
मैं मंजिल तक साथ निभाने वाला उसका मीत हूँ।
छू न सके जिनके अधरों को गीत प्रीत अभिसार के,
उन कण्ठों में बसने वाला मैं रसमय संगीत हूँ॥
करो कल्पना सुख की चाहे तुम जप तप में ध्यान में,
जन-जन की सेवा ही मेरे लिये सुखद वरदान है॥

जिन्हें जन्म से वंचित रक्खा विधि ने सौरभ दान से,
उन सुमनों के भोले मुख की मैं मोहक मुसकान हूँ।
पल-पल हों बेचैन बनातीं सुधियाँ जिसे अतीत की,
उस सूखी सरिता के उर का कोमल कल-कल गान हूँ॥
रहो भटकते तीर्थ समझ कर तुम चाहे जिस ठौर को
हर घर का दरवाज़ा मुझको मन्दिर देवस्थान है॥
3 वर्ष पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर