सब दीप जलाते हैं खुशियों के,
प्रभु दीप इक खास जला देना।
जो दूर हैं उनके नाम का भी,
अपनों को एहसास दिला देना।
सब दीप जलाते हैं खुशियों के...
एक दीप जलाना उस घर में,
जिसका दीप बुझा हो सीमा पर।
प्रभु सूने अंगन का अंधियारा
तुम याद से उसके मिटा देना।
सब दीप जलाते हैं खुशियों के.....
एक दीप जलाना प्रियतम का,
जो प्रेम सुधा बरसाते हैं।
उन पावन प्रेम की बूंदों में,
समर्पण का भाव जगा देना।
सब दीप जलाते हैं खुशियों के.....
एक दीप जलाना बेटी का,
दो कुल का भाग्य जगाती है।
उसके सपनों की डोर को प्रभु,
आशीष से अपने हवा देना।
सब दीप जलाते हैं खुशियों के....
एक दीप जलाना भक्ति का,
जो प्रभु का नाम सुमिरता है।
उस भक्ति की पावन लौ में प्रभु,
उसे भव से पार लगा देना।
सब दीप जलाते हैं खुशियों के.....
एक दीप जलाना शब्दों का ,
जग का अज्ञान मिटा देना
उन शब्दों के पावन भावों से,
प्रभु सुधा की कविता बना देना।
सब दीप जलाते हैं खुशियों के........
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X