वृद्धाश्रम की सीढ़ियों पर
जब बेटा उसे छोड़कर जा रहा था,
तब वह सहमी-सी खड़ी सोच रही थी—
आज ये सज़ा किस बात की मिल रही है मुझे?
बेटे को प्रेम दिया,
उसका ख़याल रखा,
उसकी पसंद की स्त्री से उसका विवाह कराया,
या फिर उसके सुनहरे भविष्य के लिए
अपनी पूरी जवानी न्योछावर कर दी?
तभी उसके अंतर्मन से एक आवाज़ आई—
ये सज़ा है उन अजन्मी बच्चियों की हत्या की,
जिन्हें तुमने अपनी कोख में ही मार दिया,
सिर्फ़ इसलिए कि तुम्हें
एक बेटे की माँ बनना था।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X