आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

अंधे भक्तों की चमकीली, आँख होगी गीली अब।

                
                                                         
                            डिग्रियों के ढेर लेकर, घूमता हर नौजवां,
                                                                 
                            
राशनों की लाइनों में, खो गया इसका जहां।
नौकरी की चाह में अब, थक चुका है कारवां,
दर-ब-दर भटके बेचारा, जाए तो जाए कहाँ।

थाली से रोटी हुई गुम, जेब भी हताश है,
झूठे भाषण सुन-सुनकर, जनता अब निराश है।
दाम सब्ज़ी-तेल के तो, छू रहे आकाश हैं,
किंतु गोदी-भक्त कहते, देश में विकास है।

हक हमारा छीनकर वो, बांटते खैरात हैं,
पूछती जनता सवाल तो, बदलते बात हैं।
चूल्हा नहीं जलता घरों में, आँख में बरसात है,
झूठ के बाज़ार में अब, बिक रहे जज़बात हैं।

कर-तले कुचली जा रही, आज श्रम की साधना,
तिजोरियाँ भरतीं सतत, हो रही आराधना।
शिशु बिलखता भूख से है, रक्त शोषित हो रहा,
भाग्यविधाता महल में, चैन से है सो रहा।

कैमरों की चकाचौंध में, सत्य का दम घुट रहा,
रात-दिन परदे पे बैठ, झूठ सबको लूट रहा।
प्रश्न जो भी पूछता है, देश-द्रोही नाम है,
चेतना को बेच देना, आज का बस काम है।

राग दरबारी सुनाते, परदे के चारण यहाँ,
सत्य को सूली चढ़ाते, बेचकर तर्पण यहाँ।
विषवमन रात-दिन करते, राष्ट्र-भक्ति नाम दे,
चेतना को बंधक रखकर, दुष्टता को काम दे।

जो झुके ना तंत्र आगे, कारागृह उसका हुआ,
न्याय का प्रांगण भी देखो, आज तो असहाय हुआ।
धो रहे हैं पाप अपने, जो शरण में आ गए,
सत्य-साधक जेल में हैं, चोर सत्ता पा गए।

भीड़ भूखी गा रही है, एक नायक के भजन,
भूल बैठी है स्वयं के, कष्ट और सारे रुदन।
अस्पतालों में दवा की, आज भी किल्लत बड़ी,
पर हवा में तैरती है, दिव्य-दर्शन की कड़ी।

हुक्म आका का बजाते, पीटते हैं थालियाँ,
पूछ लो अधिकार तो फिर, दे रहे हैं गालियाँ।
बुद्धि अपनी बेच कर जो, कर रहे गुणगान हैं,
आँख मूँदे मान बैठे, वे उन्हें भगवान हैं।

जो कहा साहब ने उनके, सत्य की वो लीक है,
मूत्र पीने को कहेंगे, तो कहेंगे ठीक है।
चेतना ऐसी मरी कि, सोच सब पाताल है,
अंधभक्ति का अनोखा, देश में यह काल है।

कारखानों के शटर पर, आज लटके ताले हैं,
बेच डाले जा रहे जो, देश के रखवाले हैं।
पोर्ट-गोदामों पे कब्ज़ा, सेठ का अधिकार है,
बाँटकर जनता को लड़ना, आज का व्यापार है।

बेचकर संसाधन सारे, कह रहे आत्मनिर्भर,
युवाओं के स्वप्न सारे, हो रहे हैं आज मरु।
भर्त्सना इतिहास करता, मौन बैठी चेतना,
देख विस्मृत हो रही है, आज जन की वेदना।

ओढ़कर राष्ट्रत्व चोगा, देश को जो बेचते,
बांटकर निज कौम को वे, स्वार्थ-रोटी सेकते।
जुमलों के प्रासाद निर्मित, नीव जिनकी खोखली,
जी रही जनता बेचारी, घुट रही जो ओखली।

लाल आँखों के दिलासे, चीन सीमा पर झुके,
पर यहाँ गोदी-सिपाही, सत्य कहने से रुके।
चुनावी चंदे के बक्से, भर रहे हैं रात-दिन,
पूछती लाचार जनता, बच रहे हैं कितने दिन?

अमृतों के काल में भी, विष हवा में घुल रहा,
नफ़रतों के बाज़ारों में, न्याय पलड़े पे तुला।
धर्म का चश्मा पहनकर, आँख अंधी हो गई,
जो कभी थी न्याय-सम्मत, वो हुकूमत खो गई।

बांटने की युक्ति रचते, पंथ का भय डाल कर,
मनुज को मनुज से लड़ाते, दंभ अपना पाल कर।
रक्त से सींची जा रही, आज सत्ता की धरा,
श्मशानों की राख पर ही, तंत्र का यह आसरा।

रेल की पटरियों पे सोईं, आज भी मजबूरियाँ,
महलों और झोपड़ी में, बढ़ रही हैं दूरियाँ।
तितलियाँ भी सहमी बैठीं, बाग़ के इस ठाठ से,
चल रहा दरबार देखो, झूठ के व्यापार से।

दिव्य रथ पर बैठकर जो, कर रहे हैं साधना,
चाहते बस हर घड़ी वो, शीश की आराधना।
देवता जिनको बनाया, वे मनुज ही रूप हैं,
अंधभक्ति की गुफ़ा के, ये भयानक कूप हैं।

मंदिरों के नाम पर जो, आँख अंधी हो गई,
सोच इंसानों की देखो, आज कैसे खो गई।
पूजते हैं वे मनुज को, भूलकर कर्तव्य सब,
ढोंग के इस राज का ही, चल रहा साम्राज्य अब।

काल का पहिया चलेगा, जब उठेगी जन-कथा,
टूट जाएगा भरम यह, शांत होगी यह व्यथा।
वोट की खातिर बिछी जो, चाल होगी ढीली अब,
अंधे भक्तों की चमकीली, आँख होगी गीली अब।

— रोहित शर्मा भारद्वाज 'नादिर'
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
3 मिनट पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर