जब जेब में छुट्टे पैसे थे, पापा के कंधों पर सवारी थी,
मेले की रंगीन गलियों में, खुशियों की दुनिया हमारी थी।
न चिंता कल की होती थी, न आज की कोई परेशानी,
दो पैसों में मिल जाती थी, बचपन भर की ख़ुशहाली थी।
पापा की उँगली थामे-थामे, मेले तक हम जाते थे,
कंधों पर बैठाकर पापा, ऊँचे-ऊँचे झूले दिखाते थे।
कभी खिलौने की ज़िद होती, कभी गुब्बारे पर दिल आता,
हमारी छोटी-सी ख़्वाहिश पर, पापा मुस्कुराते जाते थे।
जेब में सिक्के खनकते थे, आँखों में सपने पलते थे,
जलेबी, बताशे, चाट के ठेले, कितने अपने लगते थे।
एक खिलौना मिल जाए तो, ख़ुद को राजा समझते थे,
थोड़े पैसों में उस दौर के, कितने अरमान बहलते थे।
आज जेब में नोट बहुत हैं, पर वैसी ख़ुशियाँ कहाँ हैं,
मेले तो अब भी लगते हैं, पर वो पुरानी दुनिया कहाँ है।
पापा के कंधे खाली हैं, बचपन भी पीछे छूट गया,
सब कुछ अपनी जगह मौजूद है, बस वो ज़माना चला गया है।
अब समझ आया पापा का, वो कंधा कितना ख़ास था,
हमारे लिए पूरा मेला, उनके लिए बस एक प्रयास था।
हम ऊँचाई से दुनिया देखते, वो बोझ उठाकर चलते थे,
हमारी ख़ुशी की ख़ातिर, अपने दर्द छिपाकर चलते थे।
वो छुट्टे पैसे, वो मेला, वो कंधों की सवारी याद आती है,
उम्र चाहे कितनी भी हो जाए, बचपन की दुनिया बुलाती है।
-रतन कुमार कैथवास
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X