अँधेरा धरा पर अभी बाक़ी है,
हर घर दीप जलाना बाक़ी है।
उजाले ही उजाले हैं चारों ओर मगर,
दिलों में अंधेरा अभी बाक़ी है।
मिटानी है कालिमा दिलों की हमें,
प्रेम का दीप जलाना बाक़ी है।
हटाने हैं सारे वहम के ये जाले,
सोए हुओं को जगाना बाक़ी है।
अँधेरा धरा पर अभी बाकी है….।
बँट गए हैं मज़हब और जातियों में लोग,
इंसान से इंसान को मिलाना बाक़ी है।
गिराकर ये नफ़रत की सारी दीवारें,
अमन का परचम लहराना बाक़ी है।
अँधेरा धरा पर अभी बाकी है……।
सूरज की किरणें तो रोज़ आती हैं यहाँ,
पर ग़रीब की कुटिया अब भी डराती है।
मिटे न जब तक भूख इस जहाँ से,
तब तक हर सुबह अधूरी नज़र आती है।
मिले मेहनत का मीठा फल हर किसी को,
मुरझाए चेहरों को हँसाना बाक़ी है।
अँधेरा धरा पर अभी बाकी है……..।
बातों से कभी बदलाव नहीं आता यहाँ,
ख़ुद को ही मशाल बनाना बाक़ी है।
बढ़ें सत्य की राह पर सब के क़दम,
धरा को फिर से स्वर्ग बनाना बाक़ी है।
अँधेरा धरा पर अभी बाकी है,
हर घर दीप जलाना बाकी है ।
-प्रभात कुमार “प्रभात “
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X