गर्दिशें सारी मैं सहती जा रही
फिर भी हिम्मत से सँवरती जा रही
वक़्त की लहरों ने चाहा रोकना
वक़्त की धारा में बहती जा रही
हार मानी तो नहीं मैंने कभी
तप के सोने सा निखरती जा रही
हर कमी से सीख ली है कुछ न कुछ
मुश्किलों से मैं निपटती जा रही
मुश्किलों के दौर आते ही रहे
आबलो का दर्द सहती जा रही
इक किरन उम्मीद की दिल में मेरे
जिसके दम पर मैं तो बढ़ती जा रही
पाँव रहते हैं ज़मीं पर ही सदा
आसमाँ मुट्ठी में करती जा रही
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X