आज फिर दीपों की बारात आई है, हर गली में रोशनी मुस्कुराई है। मिट्टी के दीपों ने चुपके से कहा, अँधेरों से लड़ने की बारी आई है।
आँगन में रंगोली के रंग बिखरे हैं, बचपन के कितने ही सपने निखरे हैं। माँ के हाथों की मिठास याद आई, कुछ भूले-बिसरे अपने भी उभरे हैं।
बाज़ारों में रौनक, घरों में उजाला, हर चेहरे पर खुशियों का रंग निराला। लेकिन किसी कोने में अब भी उदासी, किसी आँख ने अपनों को है पुकारा।
एक दीप उस घर में भी जलाना, जहाँ वर्षों से कोई नहीं आया। एक मिठाई उस तक भी पहुँचाना, जिसने भूखे रहकर त्योहार मनाया।
पटाखों के शोर से आगे भी देखो, खामोशियों के कुछ सवाल भी देखो। दिवाली केवल अमीरों का उत्सव नहीं, गरीब के घर का उजाला भी देखो।
नफ़रत की कालिख को धोना पड़ेगा, रिश्तों का बुझता दिया जलाना पड़ेगा। दिवाली मनाने का मतलब तभी है, जब किसी के अँधेरे में जाना पड़ेगा।
आओ, इस बार कुछ ऐसा कर जाएँ, टूटे हुए दिलों को फिर से मनाएँ। दीप तो हर साल जलते रहेंगे, इस बार इंसानियत के दीप जलाएँ।
— मुकेश कुमार बिस्सा
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X