जन स्वास्थ्य मे स्वास्थ्य तो है, पर
जन का क्या? जीवन का क्या?
मैंने खुद ने क्या किया वो छोड़ो
समाज और सरकार का क्या?
पीने नहाने के जल का क्या?
खेतो वाली जमीन का क्या?
सांसों से जो सीने में जाती
अच्छी बुरी हवा का क्या?
ठंड, गरमी, बाढ़, अकाल,
जलवायु के बदलाव का क्या?
मैंने खुद ने क्या किया वो छोड़ो
समाज का क्या? सरकार का क्या?
जन का क्या? जीवन का क्या?
ढंग के मकान का क्या?
जीने के सामान का क्या?
बिजली, पानी, खाना, पीना
पोषण तत्वों के प्रमाण का क्या?
शौच का क्या, सफाई का क्या?
कूड़े कचरे के अंजाम का क्या?
खाने में इस्तमाल जो करते
वो जहरीली सब्जी, अनाज का क्या?
मैंने खुद ने क्या किया वो छोड़ो
समाज का क्या? सरकार का क्या?
जन का क्या? जीवन का क्या?
रोजगार का क्या?
काम से मिलते दाम का क्या?
व्यवसाय में जोखम भी है
उनके सुरक्षा के इंतजाम का क्या?
श्रम और श्रमिक को बांटते
सामाजिक अन्याय का क्या?
शिक्षा और व्यवसाय में कुछ को
सदियों से मिले अभाव का क्या?
मैंने खुद ने क्या किया वो छोड़ो
समाज का क्या? सरकार का क्या?
जन का क्या? जीवन का क्या?
बीमार को ही दोष क्यों देना
बीमारी के कारणों का क्या?
जानकारी तो मिल भी जाए
रोकथाम के उपाय का क्या?
खर्च की चिंता ही न हो ऐसे
बीमे के इंतजाम का क्या?
सलाह, दवाई, बिस्तर, खाना,
इलाज़ में सन्मान का क्या?
मैंने खुद ने क्या किया वो छोड़ो
समाज का क्या? सरकार का क्या?
जन का क्या? जीवन का क्या?
पूंजीवाद में गरीब का क्या?
जातिवाद में दलित का क्या?
पितृसतात्मक प्रणाली में
औरत और बच्चे का क्या?
समर्थवाद की जद्दोजहद में
आदिवासी, विकलांग का क्या?
अशिक्षित, अल्पसंख्यक का क्या?
सबका स्वास्थ्य एक सा कहा?
सबका इलाज़ एक सा कहा?
हांशिये में मर मर के जीते
छुपे हुए संसार का क्या?
जन स्वास्थ्य मे स्वास्थ्य तो है, पर
जन का क्या? जीवन का क्या?
मैने खुद ने क्या किया वो छोड़ो
समाज और सरकार का क्या?
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X