सुबह की मखमली धूप ने जब,
बेंगलुरु की इस हरी घास को चूमा होगा,
तब शबनम ने आहिस्ता से,
पत्तियों के कान में कुछ तो कहा होगा...
एक नया महीना, एक नया हफ़्ता,
और मेज़ पर रक्खी चाय की वो पहली प्याली,
जिसके धुएं में कल के कुछ ख़्वाब तैरते हैं,
और तलछट में महकती है आने वाले कल की उम्मीद निराली।
चाय की पहली चुस्की जब होंठों को छूती है,
तो सिर्फ़ हलक़ ही नहीं तर होता,
दिल के किसी कोने में सोई हुई,
एक नई दुआ का सफ़र शुरू होता।
ये जो चाय से उठती हुई भाप है ना,
ये दरअसल उन अनकही ख़्वाहिशों का गुबार है,
जो हर रोज़ हमें थकने नहीं देता,
जो हर सुबह कहता है—"उठो, नया दिन तुम्हारा मुंतज़िर है!"
मिट्टी की वो सोंधी-सोंधी सी महक,
पत्तियों का वो हल्का सा कड़वापन,
और उंगलियों के बीच सिमटी वो गर्म प्याली,
बुनती है हौसलों और कामयाबियों का नया ताना-बाना।
दुआ है कि इस पहली चुस्की के साथ,
तुम्हारी झोली में कुछ और नए आसमान आ गिरें,
कुछ पुरानी उलझनें सुलगकर बुझ जाएं,
और सफलताओं के नए रास्ते खिल उठें।
सुनो... चाय ठंडी हो रही है,
ज़रा एक चुस्की लेकर, इस नए आगाज़ का इस्तक़बाल तो करो!
-कपिल देव जुल्का
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X