वृक्ष वेदना
बरस पड़ी अग्नि अंबर से,
धरती अब बनी अंगार।
झुलस रहा है बदन मेरा,
मुश्किल हुआ श्रृंगार।
सूखी पत्ती, शाखा मेरी,
जड़े ढूंढती नीचे पानी।
क्यों ना सुनता कान लगाकर,
यह मेरी करुण कहानी?
नौतपा की भीषण गर्मी,
कैसे सहन करूं मैं?
दम घुटता जाता मेरा,
किस से पुकार करूं मैं?
हरी भरी काया मेरी,
अब तो सुखी जाती है।
काट मुझे, फिर बची छांव में,
तुझे रोटी कैसे भाती है?
मैं मरा तो तुम न बचोगे,
छांव कहां से पाओगे।
कंक्रीट के इन महलों में,
घुट- घुट कर मर जाओगे।
पानी मांगता इस गर्मी में,
वरना तरसोगे सांसों के खातिर।
मेरा जीवन बचा ले मानव,
अपनी ही खुशहाली के खातिर।
-हरि मोहन जांगिड़
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X