एक गाली
आकर होंठों पर ठिठक जाती है;
व्यर्थ हो जाती हैं
मन को लालिमा से भर देने वाली
वे तमाम संध्याएँ!
आँखों में जलता है आक्रोश;
तिरस्कार सहज हो उठता है!
निष्फल हो जाती हैं
हृदय को शीतलता देने वाली
वे तमाम उषाकालीन वेलाएँ!
केवल प्रहार करने को
मचलते हैं हाथ;
व्यर्थ हो जाती हैं
मेधा के स्रोत से फूटी
करुणा की सरिताएँ!
जिस सीने में
हत्या की उत्कंठा पलती है,
उसी में प्रेम खिल उठता है;
आसक्ति से गूँजता
एक मर्मर संगीत!
सार्थक हो उठती हैं
प्रकृति के अंतर में
जन्मी समस्त मृगतृष्णाएँ!
शांत रहो, पाप!!
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X