आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

निदा फ़ाज़ली: धूप में निकलो घटाओं में नहा कर देखो, ज़िंदगी क्या है किताबों को हटा कर देखो

निदा फ़ाज़ली
                
                                                         
                            वैसे तो दुनिया इतनी बड़ी है। देश विदेश में कविता और शायरी की महक है। उसकी व्याप्ति और पहुँच का विस्तार है। जो हमारे ख़्यालों को रोशन करते हैं। पता नहीं क्यों मुझे निदा की शायरी से रश्क है। लगता है उनकी शायरी पढ़-सुन और गुन कर मुझे रूहानी ख़ुशी मिलती है। निदा की सादगी मुझे बहुत भली और सुहानी लगती है। उसकी कहनभंगिमा मुझे लुभाती है, शायद इसीलिये वह मेरे मनमाफ़िक है। निदा में एक बुलन्दगी भी है और एक खुशनुमा अहसास भी। महेश अश्क का एक शेर मेरे ज़ेहन में बजता है। जिसमें कुछ बेचारगियाँ करवट लेती हैं। 
                                                                 
                            

“बिजलियाँ, लपटें आशियाँ और हम 
हर तरफ़ फैलता धुआँ और हम।” 


निदा के दो शेर देखें- 

दीवारो-दर से उतर के परछाइयाँ बोलती हैं 
कोई नहीं बोलता जब तन्हाइयाँ बोलती हैं।  
सुनने की मुहलत मिले तो आवाज़ है पत्थरों में 
उजड़ी हुई बस्तियों में आबादियाँ बोलती हैं। 


जब मैं निदा फ़ाज़ली को याद करता हूँ तो मेरे जेहन में परवीन शाकिर, फहमीदा रियाज़, अदम गोंडवी भी याद आते हैं। हालांकि इन सबकी शायरी के मिज़ाज अलग-अलग थे। अन्दाजे़-बयां अलग-अलग थे लेकिन इन सबका सीधा असर आदमी पर ज़रूर पड़ता था। परवीन शाकिर और फहमीदा रियाज़ की बातें इसलिये कि ये दोनों बहुत बारीक लहज़े में साधारण ढंग से अपनी बात कहती थीं। अदम गोंडवी सीधे तौर पर हमारे समाज, समय और वास्तविकताओं का मुकम्मल बखान करते थे। निदा फ़ाज़ली को पढ़ते हुये मुझे उर्दू की सहजता के धनी, आम लोगों की ज़बान में बात करने वाले रचनाकार नज़ीर बनारसी भी याद आते हैं, चाहे वह कृष्ण कन्हैया का बचपन हो या देख बहारें होली की हों। 

भारत में सामाजिक परिवर्तनों की एक लम्बी श्रृंखला है और राजनैतिक परिवर्तनों का तो कहना ही क्या? यह दौर ऐसा है कि भारत में तरह-तरह की चर्चाएं आम हो रहीं हैं। सामाजिक सौहार्द्र और आपसी भाईचारे पर अमन चैन वाली स्थितियों पर लगातार वार हो रहे हैं। कोई कुछ बोलने की प्रायः जुर्रत नहीं करता। संविधान को भी प्रश्नांकनों के दायरे में लेने की स्थितियाँ बड़ी तादाद में बढ़ी हैं। राजनीति हो या साम्प्रदायिक सद्भाव के तमाम मुद्दे हमें क़ायदे से जीने नहीं देते। जनतंत्र जो अब तक की सबसे बेहतर व्यवस्था है वह भी दांव पर लगी है। जनतंत्र के रूप में तानाशाही का निरंतर विकास हो रहा है। जो इस दौर में सबसे अहम और सबसे बड़ा सवाल है। हालात चिन्ताजनक और अफ़सोसजनक है।

संस्कृति से रिश्ता रखने वाले इस पर निरंतर सवाल रख रहे हैं और संघर्ष कर रहे हैं। ये हमारे भीतर खलबली मचाते हैं। इंसानियत के टुकड़े-टुकड़े हो रहे हैं। अलगाववादी ताकतें और मौक़ापरस्ती पूरे शबाब पर है। ऐसे कठिन समय में निदा फ़ाज़ली हमारे बीच नहीं रहे, जब उनकी शायरी और कार्यवाहियों की बेहद ज़रूरत थी। पिछले साल 8 फरवरी को उनका निधन हो गया। वे ऐसे शायर रहे हैं जिन्होंने अमनपरस्ती के लिये साम्प्रदायिक सद्भाव के लिये मनुष्यता के लिये अपना सब कुछ दांव पर लगाया। निरंतर इस तरह के प्रश्नों से वे जूझते रहे। 
    
चलती-फिरती धूप-छांव से चेहरा बाद में बनता है 
पहले पहले सभी ख़्यालों से तस्वीर बनाते हैं। 
आँखों देखी कहने वाले पहले भी कम-कम ही थे 
अब तो सब ही सुनी सुनाई बातों को दोहराते हैं। 
इस धरती पर आकर, अपना कुछ खो जाता है 
कुछ रोते हैं, कुछ इस ग़म में अपनी ग़ज़ल सजाते हैं। 

कोई हिन्दू कोई मुस्लिम कोई ईसाई है, सब ने इंसान न बनने की क़सम खाई है 

निदा फ़ाज़ली ने अपने संघर्षों से, अपने दुखों से अपनी शायरी को अंजाम दिया। उनमें एक दीवानगी थी। अपने कथन के प्रति बहुत साफ़ और संजीदा नज़रिया था। उनकी शायरी की महक जहाँ-जहाँ पहुँची है। उसने बहुत शांत मुहावरे में या अंदाज़ में लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया है। उनकी शायरी में एक मिठास है एक चमक है। एक समर्पण तो है ही एक अजब तरह की प्यास भी है। उनकी शायरी में अपनत्व और घनत्व दोनों हैं। साझापन तो हर कहीं हैं। उनकी शायरी जीवन से उपजती है। उनके यहाँ जीवन के संघर्ष व्यावहारिक स्तर पर सामने आते हैं जिसमें जूझने का हौसला भी है। वह किताबों के जरिये अपना रूपाकार नहीं खड़ा करती। उनके कुछ शेर मुझे बरबस याद आ रहे हैं - 

"मुँह की बात सुने हर कोई दिल के दर्द को जाने कौन, 
आवाज़ों के बाज़ारों में खामोशी पहचाने कौन। 
किरन-किरन अलसाता सूरज पलक-पलक खुलती नीदें 
धीमे -धीमें बिखर रहा है ज़र्रा-ज़र्रा जाने कौन।" 


"धूप में निकलो घटाओं में नहाकर देखो 
ज़िन्दगी क्या है किताबों को हटाकर देखो। 
सिर्फ़ आंखों से ही दुनिया नहीं देखी जाती 
दिल की धड़कन को भी बीनाइ बनाकर देखो।" 


निदा की शायरी को समझने के लिये जीवन के विभिन्न क्षेत्रों तक जाना पड़ेगा। अनुभव की गहराइयों को पहचानना पड़ेगा। उनकी शायरी में आईने हैं और उनमें ज़िन्दगी के लिये तड़पन भी है। निदा फ़ाज़ली की शायरी ज़िन्दगी के कारख़ाने से उपजी है। इसलिये उनकी शायरी के अहसास और उनमें व्यक्त बातें पाठक के भीतर तक जाती हैं। वे किताबी शायर नहीं हैं। वे हक़ीक़तों के शायर हैं। वे प्रेम के भी शायर हैं। अनुभवों के विराट रूपाकार उनकी शायरी में दर्ज़ हैं। ज़िन्दगी को वे बहुत शिद्दत से देखते परखते और समझते हैं। उनकी शायरी में धुंध, धुआँ, कोहराम, संघर्ष और अपार संवेदनशीलता है। उसी अनुपात में उनकी शायरी में पीड़ाओं को सहने की बेशुमार क्षमता भी है।

निदा अपनी शायरी में अनेक चीज़ों और वास्तविकताओं को रचते हैं। खराब स्थितियों को चाक-चाक करते हैं। वास्तविकताओं का खुलासा और पहचान उनकी शायरी की शक्ति है। जीवन के ताप और समस्याओं के अनकहे प्रश्नांकन भी हैं। ऐसा लगता है जैसे उनकी शायरी कुम्हार के आवे के भट्टे से तप कर आई है। जैसे वह संघर्षों में धूल धूषित होकर निकली है या यूँ कहें उसमें श्रम का पसीना और ज़िन्दगी की ख़ुशबू है। अनुभव के विराट रूपकार वहाँ सहज ही दिखाई पड़ते हैं। दो शेर गौरतलब हैं - 

"कोई हिन्दू कोई मुस्लिम कोई ईसाई है 
सब ने इंसान न बनने की क़सम खाई है" 


"कभी किसी को मुकम्मल जहाँ नहीं मिलता 
कहीं ज़मीऩ कहीं आस्मां नहीं मिलता" 

"कहां चिराग जलाएँ, कहां गुलाब रखें 
छतें तो मिलती हैं लेकिन मकां नहीं मिलता" 


उनके कहन में एक पाकीज़गी है। मुझे लगता है कि उनके सोच समझ की बुलंदी उन्हें बड़ा शायर बनाती है। वे गंगा जमुनी संस्कृति में, साझापन में भरोसा करने वाले शायर हैं। उनकी बातें गूंज-अनुगूंज बनकर हमारी आत्मा का, हमारी संवेदनशीलता का बहुत विस्तार करती हैं। निदा फ़ाज़ली की शायरी में प्यार और मोहब्बत और इंसानियत की बहुत उम्दा बातें हैं। उसमें नफरत को प्यार में बदलने की अकूत क्षमता है। वे जब कहते हैं - 

चाहे गीता बांचिये या पढ़िये कोरान 
तेरा मेरा प्यार ही हर पुस्तक का ज्ञान। 
लेके तनके नाप को घूमें बस्ती गाँव। 
हर चादर के घेर से बाहर निकले पाँव। 
सातों दिन भगवान के क्या मंगल क्या पीर 
जिस दिन सोये देर तक भूखा रहे फकीर।
आगे पढ़ें

कोई हिन्दू कोई मुस्लिम कोई ईसाई है, सब ने इंसान न बनने की क़सम खाई है 

2 वर्ष पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर