आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

जब फ़िराक़ गोरखपुरी बोले, भारत में अंग्रेज़ी सिर्फ़ ढाई लोगों को आती है...

फ़िराक़ गोरखपुरी
                
                                                         
                            आने वाली नस्लें तुम पर फ़ख़्र करेंगी हम-असरो
                                                                 
                            
जब भी उन को ध्यान आएगा तुम ने 'फ़िराक़' को देखा है


फ़िराक़ साहब ने ये शेर ख़ुद के बारे लिखा था. इससे उनके क़द और शख़्सियत का अंदाज़ा हो जाता है। फ़िराक गोरखपुरी को उर्दू साहित्य की महानतम शख़्सियतों में शुमार किया जाता है. जोश मलीहाबादी फ़िराक़ को मीर तक़ी मीर और ग़ालिब के बाद उर्दू का सबसे बड़ा शायर मानते थे।

हज़ार बार ज़माना इधर से गुज़रा है
नई नई सी है कुछ तेरी रहगुज़र फिर भी

जिस में हो याद भी तिरी शामिल
हाए उस बे-ख़ुदी को क्या कहिए


फ़िराक़ की शख़्सियत के बहुत आयाम थे और उनमें इतनी पर्तें थी, उनका व्यक्तित्व इतना जटिल और विरोधाभास से भरा था कि वो हमेशा से अपने जाननेवालों के लिए एक पहेली बन कर रहे हैं. फ़िराक़ को बहुत नज़दीक से जानने वालों के मुताबिक़ वे एक आदि विद्रोही थे धारा के विपरीत तैरते थे। उनके अंदाज़े-गुफ़्तगू और उनकी अदा में अनोखापन था।

एक मुद्दत से तिरी याद भी आई न हमें
और हम भूल गए हों तुझे ऐसा भी नहीं

इक उम्र कट गई है तिरे इंतिज़ार में
ऐसे भी हैं कि कट न सकी जिन से एक रात


उर्दू भाषा के मशहूर रचनाकार फ़िराक़ गोरखपुरी का असली नाम रघुपति सहाय था। उनका जन्म 28 अगस्त 1896 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हुआ। इन्हें अरबी, फारसी, अंग्रेज़ी और संस्कृत की शुरुआती तालीम अपने पिता से हासिल हुई। उनके पिता मुंशी गोरखप्रसाद ‘इबरत’ उस वक़्त के प्रसिद्ध वकील और शायर थे। इसलिए शायरी तो फ़िराक़ को घुट्टी में ही मिली। जब वे उच्च शिक्षा के लिए इलाहाबाद पहुंचे तो वहां प्रोफ़ेसर नासरी जैसे साहित्यिक हस्तियों की शोहबत में उनकी काव्य रूचि निखरी।

बहुत पहले से उन क़दमों की आहट जान लेते हैं 
तुझे ऐ ज़िंदगी, हम दूर से पहचान लेते हैं


फ़िराक़ साहब ने 1917 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट हुए और 1919 में सिविल सर्विस के लिए चुने गए। 1920 में उन्होंने नौकरी छोड़ दी और स्वराज्य आंदोलन में कूद पड़े। ब्रिटिश सरकार के ख़िलाफ़ आंदोलन के लिए उन्होंने डेढ़ साल जेल की सज़ा भी काटी। 1922 में जेल से छूटने के बाद वे अखिल भारतीय कांग्रेस के दफ्तर में अवर सचिव के तौर पर काम किया। बाद में नेहरू जी के यूरोप चले जाने के बाद अवर सचिव का पद छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने पढ़ाने को अपना पेशा बनाया और इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 1930 से लेकर 1959 तक अंग्रेज़ी के प्रोफेसर रहे।


 

अंदाज़े गुफ़्तगू ने रघुपति को बना दिया फ़िराक़ गोरखपुरी

फ़िराक़ गोरखपुरी

शायरी वे उर्दू में करते थे और टीचर अंग्रेज़ी के थे। फ़िराक़ साहब के बारे में एक क़िस्सा बहुत प्रचलित है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से रिटायर होने के बाद उन्हें सरकारी बंगला खाली करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को नोटिस आया।

नोटिस अंग्रेज़ी में था और उन्होंने उसमें दसियों ग़लतियां निकाल कर प्रशासन को वापस थमा दिया और कहा कि अंग्रेज़ी के प्रोफ़ेसर को नोटिस भेजा है, ग़लतियां सुधार कर लाइए। नोटिस दोबारा भेजा गया और उन्होंने उसमें फिर कई ग़लतियां निकाल दी। इसके बाद प्रशासन ने उन्हें न नोटिया दिया और ना ही बंगला खाली करने को कहा। 

ऐसे ही फ़िराक़ साहब का एक कथन बहुत मशहूर हुआ। फ़िराक़ गोरखपुरी ने कहा था, "भारत में अंग्रेज़ी सिर्फ़ ढाई लोगों को आती है। एक मैं, दूसरे डॉ. राजेंद्र प्रसाद और जवाहर लाल नेहरू को आधी अंग्रेज़ी आती है।" 

फ़िराक़ साहब की निजी ज़िंदगी बहुत त्रासदी भरी थी। बेमेल विवाह उनकी जिंदगी का एक ऐसा हादसा है, जिससे उनका वैवाहिक जीवन बहुत तनावपूर्ण रहा। शादी के कुछ साल बाद ही वे और उनकी पत्नी अलग हो गए। उनका एक बेटा था जिसने बहुत कम उम्र में ख़ुदकुशी कर ली थी। विश्वविद्यालय परिसर में 40 सालों तक वे अकेले रहे। 

उनका साहित्यिक जीवन का फलक 60 सालों तक फैला है। जिसमें उन्होंने 40 हज़ार से ज़्यादा कविताएं, नज़्में, ग़ज़लें, क़तए, रूबाइयां लिखीं। समालोचक भी वे बहुत बड़े थे लेकिन वे अपनी ग़ज़लों और शेरों के लिए याद किए जाएंगे जो ख़ुद में क्लासिक की हैसियत रखते हैं। 

नई इश्किया शायरी के साथ फ़िराक़ ने मज़दूरों और मेहनतकश लोगों की भी कविताएं लिखी हैं।

देवताओं का ख़ुदा से होगा काम
आदमी को आदमी दरकार है


उर्दू साहित्य के लिए पहला ज्ञानपीठ पुरस्कार फ़िराक गोरखपुरी को दिया गया था. 1970 में उन्हें उनकी उर्दू काव्यकृति ‘गुले नग्‍़मा’ के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार, ज्ञानपीठ पुरस्कार और सोवियत लैंड नेहरू अवार्ड से सम्मानित किया गया। 1970 में ही वे साहित्य अकादमी के सदस्य मनोनीत किए गए। साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में 1968 में भारत सरकार ने पद्म भूषण से सम्मानित किया था।

 

'ग़ालिब' ओ 'मीर' 'मुसहफ़ी'
हम भी 'फ़िराक़' कम नहीं


दूरदर्शन की इस पुरानी रिकॉर्डिंग में फ़िराक़ गोरखपुरी साहित्य और भाषा के बारे में बात कर रहे हैं।

9 वर्ष पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर