आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

Hindi Kavita: बाबुषा कोहली की कविता 'वहाँ चार आदमी थे'

baabusha kohli hindi kavita wahan chaar aadmi the
                
                                                         
                            

वहाँ चार आदमी थे

पहला - शब्दों से भरा हुआ था
उसके मुँह से ही नहीं
नाक कान और आँखों से भी
शब्द टपकते थे
शब्दों के ढेर पर खड़ा
उसे गीता कण्ठस्थ थी
पर कृष्ण का पता न था

दूसरा - अर्थों से भरा हुआ था
वह हर समय परिभाषाएँ गढ़ता
मौसम खगोल रहस्य
आकाश पाताल
भूगोल राजनीति
कला प्रेम की
व्याख्या करता
अर्थों को खोजती उसकी नज़रें
मेरे उभारों और गोलाइयों की विवेचना करती थीं

तीसरा - मौन से भरा हुआ था
उसके माथे पर चन्दन चमकता
उसके मौन के चारों ओर अपार भीड़ थी
उसे पूजा जाता
उसका तना हुआ चेहरा देख लगता था
उसने अपनी ज़ुबान का गला दबा रखा हो
उसकी जबान को छोड़
बाक़ी सब कुछ बोलता था
उसके मौन में बहुत शोर था

और एक था चौथा आदमी
ख़ालीपन से भरा हुआ था
घुटनों के बल बैठा
आकाश को निहारता
उसकी ख़ाली आँखें भरी हुई थीं
खींचतीं थीं
जैसे ल्युनैटिक्स को
खींचता है चाँद
और मैं खिंच गई थी

उसके ख़ालीपन में मैंने
छलाँग लगा दी
हम एक के भीतर एक थे
पर दो थे
हमारी सटी हुई त्वचाएँ जल्द ही
ऐसी महीन रेशमी चादर में
बदल गईं
कि हवाएँ उसके आर-पार जाती थीं
बौछारें वहाँ मुक़ाम बना टिक जाती थीं
हम दोनों की सटी हुई त्वचाओं के बीच भी
हमने ख़ाली ही छोड़ी थी वो ख़ाली जगह
अब उस ख़ाली जगह में
गिलहरियाँ फुदकती हैं
पपीहे गीत गाते हैं
तितलियों का रंग वहीं बनता है
चाँद की कलाएँ बदलने के बाद वहीं आकर रहती हैं
वहीं बहती रहती है शराब
झरने वहीं से फूटते हैं
और एक दरवेश एक हाथ से आकाश थामे
दूसरे से धरती सम्भाले
अपनी ही धुरी पर
घूमता रहता है गोल-गोल

3 वर्ष पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर