केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 19 जुलाई को ऊधमसिह जिले के दौरे पर आएंगे। जिला प्रशासन ने शाह के प्रस्तावित दौरे की तैयारी शुरू कर दी है। शाह जिला मुख्यालय में उद्योग निदेशालय और जिला प्रशासन की ओर से लगाई जा रही औद्योगिक प्रदर्शनी में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में देश के उद्योगपतियों को आमंत्रित किया जा रहा है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को अधिकारियों के साथ मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि उक्त तिथि को उद्योग निदेशालय और जिला प्रशासन की ओर से औद्योगिक संस्थानों की प्रदर्शनी लगाई जा रही है। प्रदर्शनी में देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम में गृह मंत्री का संबोधन होगा। डीएम ने कार्यक्रम को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। कहा है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उद्यमियों के साथ वार्ता की जा रही है। कहा कि कार्यक्रम को भव्य बनाया जाएगा।