दिल्ली पब्लिक स्कूल की फेंसिंग अकादमी में 19वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप का आगाज हो गया। पहले दिन उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्पर्धा में देशभर की 28 टीमों के 500 से अधिक खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। पहले दिन नैनीताल के सुदर्शन सिंह ने राजस्थान के हैप्पी सिंह और देहरादून के अक्षत पुंडीर ने केरल के सायन सैवियो को हराया। बुधवार सुबह अकादमी में चैंपियनशिप का शुभारंभ डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने किया। फेसिंग एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि इस स्पर्धा से प्रदेश के खिलाड़ियों को नेशनल गेम्स की तैयारियों में मदद मिलेगी। बताया कि यह गर्व की बात है कि उत्तराखंड की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला फेंसिंग खिलाड़ी भावना टाकुली भी इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रही हैं। उनके मुकाबले बृहस्पतिवार से शुरू होंगे।प्रतियोगिता का पहला मुकाबला नैनीताल के सुदर्शन सिंह और राजस्थान के हैप्पी सिंह के बीच शुरू हुआ। इसमें सुदर्शन ने शुरुआत से ही बढ़त बना ली, जो अंत तक कायम रही। सुदर्शन ने 15-7 के अंतर से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में देहरादून के अक्षत सिंह पुंडीर ने केरल के सायन सैवियो को एकतरफा मुकाबले में 15-6 अंकों से हरा दिया। इस चैंपियनशिप के पहले दिन लीग मुकाबले खेले गए।