काशीपुर के श्री मां चामुंडा देवी मंदिर परिसर में उत्तरायणी मकर संक्रांति मेला समिति की ओर से मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान पिथौरागढ़ व जागेश्वर सहित अन्य स्थानों से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। मंगलवार दोपहर से श्री मां चामुंडा देवी मंदिर परिसर में कौतिक की धूम मची है। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु मां चामुंडा का आशीर्वाद ले रहे हैं। साथ ही परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस दौरान मां शारदा सांस्कृतिक समिति, पिथौरागढ़ के कलाकारों, कॉलोनी व स्कूल की टीमों के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। भुवन राम एंड पार्टी जागेश्वर के छलिया नृतकों ने भी लोगों के साथ नृत्य किया। इस दौरान खिचड़ी के प्रसाद का भी वितरण किया गया।