तीन माह से वेतन न मिलने से नाराज रोडवेज कर्मचारियों ने काशीपुर डिपो में धरना-प्रदर्शन किया। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र आर्य को 15 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि 24 अगस्त तक पूर्व में बनी सहमति और नई मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। शाखा अध्यक्ष कमल पपने और महामंत्री अशोक चौधरी की ओर से 11 अगस्त को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि संगठन ने 20 मई को मांगपत्र दिया था, जिस पर 21 मई को द्विपक्षीय वार्ता हुई, लेकिन बनी सहमति का पालन नहीं हुआ। 21 जुलाई को पुनः मांगपत्र भेजा गया, फिर भी अनुपालन नहीं हुआ, जिससे कर्मचारियों में रोष है। मांगपत्र में कहा गया है कि तीन माह से वेतन नहीं मिला है, समय पर वेतन दिलाया जाए। काशीपुर डिपो से संचालित सभी रूटों की समीक्षा कर कम लोड फैक्टर वाले रूटों पर कार्रवाई की जाए। चालक-परिचालकों की ड्यूटी सीनियरिटी के अनुसार लगाई जाए। वाहन खराब या ब्रेकडाउन होने पर चालक को 250 किमी का लाभ दिया जाए। वर्कशॉप में लैपटॉप की व्यवस्था न होने से ब्रेकडाउन की स्थिति बन रही है, तत्काल लैपटॉप की व्यवस्था की जाए। डिपो में यात्रियों के लिए साफ-सुथरे शौचालय का निर्माण कराया जाए। धरना-प्रदर्शन में शाखा अध्यक्ष उमेश चौधरी, शाखा मंत्री जितेंद्र धनिक, मनिंदर सिंह, मुकेश शर्मा, सूरज, हरजिंदर सिंह, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।