आईजी कुमाऊं रेंज रिद्धिम अग्रवाल बाबा तरसेम सिंह हत्याकांड के आरोपी सरबजीत सिंह की गिरफ्तारी पर ऊधमसिंह नगर की बेहतरीन पुलिसिंग पर शाबाशी दी। आईजी ने कहा कि इसके लिए दो लाख के इनाम के साथ ही पुलिस मुख्यालय से भी जल्द ही इनाम पुलिस को मिलेगा। उन्होंने जिले में बढ़ते ड्रग्स के मामले में पुलिस को मांग और आपूर्ति की चेन को तोड़ने के निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय और कॉलेजों में एंटी ड्रग्स यूनिट गठित की जाएगी। बृहस्पतिवार को आईजी कुमाऊं रेंज एसएसपी कार्यालय पहुंची। यहां पर उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। आईजी ने कहा कि सीएम धामी ने ड्रग्स फ्री देवभूमि की समीक्षा कर निर्देश दिया है कि नशे के विरुद्ध समय-समय पर कार्रवाई की जा रही है। पर कार्रवाई में ध्यान दिया जाए कि केवल नशे के छोटे-छोटे कारोबारियों को पकड़ कर वाहवाही न लूटी जाए। कारोबार में लिप्त माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर उनकी संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई भी की जाए। युवाओं को नशे के प्रभाव से दूर रखने के लिए उत्तराखंड शासन ने प्रत्येक स्कूल/कालेज में एंटी ड्रग्स कमेटी गठित की गई है पर कमेटी प्रभावी नहीं है। इसे प्रभावी करने के लिए एंटी ड्रग्स कमेटी के साथ लगातार गोष्ठियों का आयोजन किया जाए। आईजी ने कहा कि पिट एनडीपीएस एक प्रभावी एक्ट है पर इसका सही से पालन नहीं किया जा रहा है। जिसमें ऐसे लोग होते है जो नशे के कारोबार में सदैव एक्टिव रहते हैं। नशा तस्करों की मदद (फंडिंग, ड्रग्स का आदान-प्रदान) करते हैं, शामिल रहते है। वहां पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एसपी अपराध निहारिका तोमर, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, एसपी काशीपुर अभय सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस निशा यादव आदि क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।