पिथौरागढ़ नगर में गंदे पानी आपूर्ति रुक नहीं रही है। पहले तिलढुकरी में तो अब नया बाजार में गंदे पानी की आपूर्ति होने से लोगों में आक्रोश है। आक्रोशित लोगों ने जल संस्था के खिलाफ प्रदर्शन कर स्वच्छ पानी की आपूर्ति करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जल संस्थान गंदे पानी की आपूर्ति कर हमें बीमारी बांट रहा है। नया बाजार वार्ड के लोगों ने पार्षद करन सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि बीते कई दिनों से उनके घरों में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। नलों से मिट्टी मिला पानी टपक रहा है इसका उपयोग करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। मजबूरन उन्हें बाजार से बोतल बंद पानी खरीदकर अपनी जरूरत पूरी करनी पड़ रही है। लोगों ने कहा कि बारिश में तो गंदे पानी की आपूर्ति होती है। जाड़ों में भी इस समस्या का समाधान न होना गंभीर है और जल संस्थान की कार्यशैली पर सवाल है। लोगों ने कहा कि गंदे पानी की आपूर्ति होने से वे उल्टी-दस्त की दिक्कत से जूझ रहे हैं। जल संस्थान उचित कदम न उठाकर हमारी सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहा है इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द गंदे पानी की आपूर्ति नहीं रुकी तो वे जल संस्थान के अधिकारियों का घेराव करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में हेमा मेहता, हेमा खर्कवाल, प्रदीप मेहता, पुष्पा जोशी, नीतू कौर, रमन कौर, पूरन लाल, भावना कांडपाल, ,शेखर भट्ट सहित कई लोग शामिल रहे।