पिथौरागढ़। जौलजीबी मेले के शुभारंभ पर सामने आया बवाल शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। मामले में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। भाजपा इसे विधायक की गुंडई तो कांग्रेस सीएम की मनमानी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी करार दे रही है। मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिल्थाम तिराहे पर विधायक हरीश धामी का पुतला जलाया। भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाते हुए कहा कि विधायक हरीश धामी ने जौलजीबी मेले के शुभारंभ पर कांग्रेस का असली चेहरा सबके सामने लाने का काम किया। अपनी हार से बौखलाएं विधायक ने सीएम को अपशब्द कहे। यहां तक कि उन्हें पीटने की बात कही। अब वह सोशल मीडिया पर सीएम के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक हरीश धामी खुद को सबसे बड़ा गुंडा कह रहे हैं। वास्तव में जिस तरह उन्होंने मेले के मंच पर कारनामा किया उनका यह कहना उचित है। ऐसे गुंडों के खिलाफ सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। वहीं विधायक को क्षेत्र की जनता भी सबक सिखाने के लिए तैयार है। आगामी विधानसभा चुनाव में विधायक जीत से दूर होंगे और वह सिर्फ एक गुंडा बनकर रह जाएंगे। प्रदर्शन करने वालों में दायित्वधारी गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, दीपिका बोरा, वीरेंद्र शाह ठुलघरिया, राजेंद्र सिंह रावत, इंदर लुंठी सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।