नैनीताल में अब पर्यटक कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। बृहस्पतिवार को हजारों वाहनों ने नैनीताल में प्रवेश किया। वाहनों की संख्या में हुई बढ़ोत्तरी से तल्लीताल, मॉल रोड, मल्लीताल रिक्शा स्टैंड व अन्य सड़कों पर जाम की स्थिति बनी। ऐसे में यातायात सुचारू करने के लिए तैनात पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बता दें कि, पिछले दिनों से नैनीताल में लगातार सैलानियों की आमद बढ़ रही है। ऐसे में अगले तीन दिन भी सैलानियों के अधिक संख्या में पहुंचने की उम्मीद है। पर्यटकों की आमद बढ़ने से पर्यटन स्थल गुलजार रहे। दोपहर के बाद करीब 80 फीसदी पार्किंग पैक हो गई। ऐसे में कई पर्यटन शटल सेवा के माध्यम से भी पहुंचे। अधिकांश होटल, होम स्टे, गेस्ट हाउसों में कमरे पैक रहे। टैक्सी चालक, नाव चालकों, घोड़ा चालकों के अलावा होटल संचालकों खासकर लीज पर चला रहे होटल-गेस्ट हाउस संचालकों को बड़ी राहत मिली। सुबह से ही स्नोव्यू, चिड़ियाघर, हिमालय दर्शन, वॉटरफॉल व केव गार्डन सैलानियों से पटे नजर आए और नैनी झील में नौकायन करने वाले सैलानियों का तांता लगा रहा। नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि अगले तीन दिन पर्यटकों की आमद में और बढोत्तरी होने की उम्मीद है। सैलानियों की आमद बढ़ने से कारोबारियों को राहत मिली है।