बागेश्वर में एससी-एसटी शिक्षक शिक्षक एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के 33 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने मेधावियों से भविष्य में जिले का नाम रोशन करने की अपील की। रविवार को सीईओ सभागार में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि डीईओ बेसिक विनय कुमार, एससी-एसटी शिक्षक एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय कुमार टम्टा और कुमाऊं मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र ग्वासकोटी ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संघ जिलाध्यक्ष सुनील धौनी ने कहा कि जिला कार्यकारिणी की ओर से पूर्व में भी प्रतिभा सम्मान का आयोजन किया जाता रहा है। सम्मान में जिले भर से मेधावी विद्यार्थी यहां पहुंचे हुए हैं। मुख्य अतिथियों ने मेधावियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। डीईओ बेसिक कुमार ने समारोह की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन होता है। विद्यार्थी ओर अधिक मेहनत कर मुकाम पाते हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुधीर कुमार टम्टा ने किया। इस मौके पर मंडल मीडिया प्रभारी विवेकानंद टम्टा, संरक्षक हरीश आगरी, ब्लॉक अध्यक्ष नवीन त्रिकोटी, रवि प्रकाश, नवल किशोर, उपाध्यक्ष पुष्पा टम्टा, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।