बागेश्वर। जिले में बंद पड़ी खड़िया खदानों को तत्काल प्रभाव से खुलवाने और विभिन्न मांगों को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन बुधवार को पांचवें दिन भी पूरी ऊर्जा के साथ जारी रहा। इस बीच कांग्रेस पार्टी के नेता भी खुलकर आंदोलन के समर्थन में उतर आए हैं। धरना स्थल पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली और आरोप लगाया कि राजनीतिक दुर्भावना और खनन माफियाओं के संरक्षण के चलते गरीब मजदूरों और पट्टाधारकों का रोजगार छीना जा रहा है। धरनास्थल पर समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस नेता हरीश ऐठानी ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि देश की सर्वोच्च अदालतों और उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से मनमाने तरीके से खड़िया खदानों को बंद रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन माइंस को अदालत के आदेश पर खोला जाना चाहिए, उन्हें भी कागजी पचड़े और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाया जा रहा है। हालात यह हैं कि एक तरफ खनन पट्टाधारकों पर भारी-भरकम जुर्माने थोपे जा रहे हैं, स्थानीय जनप्रतिनिधि इस गंभीर मुद्दे पर केवल दिखावटी बैठकें और औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि अदालतों के आदेशों की अनदेखी करना और रोजगार के नाम पर राजनीति करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अधिवक्ता बसंत कुमार ने कहा कि पिछले दो सालों से खदानें बंद होने के कारण जिले में हजारों ट्रक चालकों, मशीन स्वामियों, दुकानदारों और श्रमिकों के घरों का चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है। बैंक से लोन लेकर वाहन खरीदने वाले लोग आज कर्ज के दलदल में फंसकर दिवालिया होने की कगार पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और स्थानीय जनता इस लड़ाई में पूरी तरह एकजुट है। जब तक शासन-प्रशासन लिखित रूप में खदानों को सुचारू रूप से संचालित करने का स्पष्ट आदेश नहीं देता, तब तक यह धरना-प्रदर्शन और संघर्ष यूं ही जारी रहेगा।