वाराणसी में प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर बुधवार को नमो घाट के आसमान में भारतीय वायुसेना ने विशेष रिहर्सल की। इस दौरान वायुसेना के सारंग हेलीकॉप्टर ने शानदार एरोबैटिक प्रदर्शन कर अपने अद्भुत कौशल और हवाई करतबों से लोगों को रोमांचित कर दिया। आसमान में हेलीकॉप्टरों के मनमोहक गठन और हैरतअंगेज करतबों को देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। रिहर्सल देखने के लिए नमो घाट पर बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ स्कूली छात्र-छात्राएं और सेना के जवानों के परिजन पहुंचे। आसमान में सारंग हेलीकॉप्टरों के प्रदर्शन को देखकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। कई लोगों ने इस रोमांचक नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। प्रस्तावित एयर शो से पहले हुई इस रिहर्सल ने आयोजन को लेकर लोगों का उत्साह और बढ़ा दिया।