जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय खिलाड़ी रुद्रांश यादव के शानदार खेल की बदौलत वाराणसी टाइगर्स ने सुखनंदन स्मृति अंडर-19 बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में रॉयल क्लब को 21-7 गोल से हरा दिया। पहले दिन मुकाबले में रुद्रांश ने सात गोल किए। बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में वाराणसी टाइगर्स की टीम ने शुरू से तेज खेल दिखाया। रुद्रांश यादव, धर्मेंद्र सिंह यादव और अशोक यादव ने आक्रमण की शुरुआत की। रॉयल क्लब की टीम जब तक संभलती तब तक वाराणसी टाइगर्स की टीम 7-0 से आगे निकल चुकी थी। हाफ टाइम तक स्कोर 10-0 था। दूसरे हाफ में रॉयल क्लब की टीम ने रणनीति में बदलाव किया। शिवम और आयुष कुमार ने वाराणसी टाइगर्स के गोल पोस्ट पर हमले किए। अंतिम सीटी बजने पर वाराणसी टाइगर्स की टीम 21-7 से आगे थी। रुद्रांश ने सात, धर्मेंद्र व आलोकने छह-छह गोल किए।