मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड योजना की सुविधा अधिक से अधिक बुजुर्गों तक पहुंच सके इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से कटिबद्ध है और इसके लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। यह बातें उन्होंने मंगलवार को आर्य महिला पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम 'स्वस्थ्य बुजुर्ग मजबूत भारत' कार्यक्रम में कहीं। इस कार्यक्रम में पहुंचे 100 से ज्यादा बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के साथ ही उन्हें इस कार्ड के बारे में सीएमओ के द्वारा जानकारी प्रदान की गई। सीएमओ ने बताया कि आयुष्मान कार्ड धारक इस योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क उपचार की सुविधा किसी भी पंजीकृत अस्पताल में भर्ती होकर ले सकेंगे। स्वास्थ्य सेवायें सभी वरिष्ठ नागरिकों तक पहुँचाने के लिए सरकार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना पर विशेष ध्यान दे रही है। सभी को उत्तम स्वास्थ्य सेवायें मिलें, इस दिशा में आवश्यक कदम उठाये जा रहे है। इस मौके पर कार्यक्रम का संचालन करते हुए भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा काशी की क्षेत्रीय मंत्री श्रीमती पूजा दीक्षित ने कहा कि सरकार की मंशा के अनरूप बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुलभ कराने के लिए हम सभी मिलकर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बुजुर्गों तक इस योजना का लाभ पहुंचने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं और आगे भी इस तरह के आयोजन करके उन्हें योजना का लाभ प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में बुजुर्गों को 100 छड़ी भी बांटी गई।