सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ के बाद वीडियो बनाकर वायरल करने वाले एक आरोपी को मंगलवार देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अलहदादपुर निवासी विशाल सिंह (22) के रूप में हुई है। वहीं उसका दूसरा साथी अनुराग फरार हो गया है पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, जून माह में कुछ लोगों ने एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर उसका वीडियो बना लिया था। पीड़िता लोक-लाज के कारण चुप रही। इस बीच आरोपियों ने बीते 11 अगस्त को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने बेटी से जानकारी की तो उसने सारी बात बताई। एसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर पीड़िता की मां की शिकायत पर दोस्तपुर थाने में मंगलवार रात ही दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी दुर्गापुर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से भागने की योजना बना रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस की घेराबंदी पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में विशाल सिंह के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा आरोपी अनुराग भागने में सफल रहा। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। घायल आरोपी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर में भर्ती कराया गया है।