बालू साइट पर विवाद के मामले में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सोमवार को सपाई कलेक्ट्रेट पहुंच गए। सांसद छोटेलाल खरवार, जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव के नेतृत्व में पहुंचे पार्टी नेताओं ने डीएम से मिलकर पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया। दावा किया कि मामले में अनिल यादव खुद पीड़ित हैं, मगर एक माफिया के दबाव में उन पर ही कार्रवाई की गई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की। व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी। सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि जिले के खनन में माफिया हावी हो चुके हैं। उनके इशारे पर खुलेआम अवैध खनन कार्य हो रहा है। विरोध करने वालों की आवाज दबाई जा रही है।उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो इस मुद्दे को सदन में उठाया जाएगा। सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, रमेश चंद दुबे ने भी मामले में वृहद आंदोलन की बात कही। ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, विजय यादव, मोहम्मद सईद कुरैशी, जयप्रकाश उर्फ चेखूर पांडेय, अनिल प्रधान, वेदमणी शुक्ला, अशोक पटेल, हिदायत उल्ला खान, सुरेश यादव, त्रिपुरारी गोंड, सुनील गोंड, डॉ. लोकपति सिंह पटेल, परमेश्वर यादव आदि मौजूद रहे।