मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित भ्रमण के मद्देनजर गुरुवार को मंडलायुक्त डॉ. मुथुकुमार स्वामी बी. और डीआईजी आरपी सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। वहां चल रही तैयारियों और सुरक्षा प्रबंध के बारे में जानकारी ली। एक सितंबर को संत कीनाराम पीजी कॉलेज परिसर में मुख्यमंत्री का आगमन संभावित है। इस दौरान वह संत कीनाराम की प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे। जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए परिसर में पंडाल, मंच का निर्माण शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त डॉ. मुथुकुमार स्वामी बी. और डीआईजी आरपी सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया। डीएम बद्रीनाथ सिंह और एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने सुरक्षा पहलुओं पर जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कहा कि सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाय, जिससे किसी प्रकार की समस्या न होने पाए। उन्होंने कहा कि हेलीपैड स्थल के आसपास के झाड़ियों का कटान करते हुए साफ-सफाई का बेहतर प्रबंध कराएं।