श्रावस्ती के गिलौला क्षेत्र के ग्राम सोनौढ़ा निवासी धर्मेंद्र यादव ने सीएमओ डॉ एके सिंह को एक शिकायती पत्र भेजा है। इसमें उसने एक पाली क्लीनिक संचालक पर कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ को भेजे शिकायती पत्र में पीड़ित ने बताया कि 30 दिसंबर को वह गिलौला स्थित एक पाली क्लीनिक पर गर्भवती पत्नी को इलाज के लिए लाया था। वहां पर नार्मल डिलीवरी कराने नाम पर काफी धन उगाही की गई। इसके बाद भी जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे गिलौला सीएचसी ले गए। जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने प्रसव कराया। लेकिन, तब तक गर्भ में ही शिशु की मौत हो चुकी थी। पीड़ित ने सीएमओ से संबंधित पाली क्लीनिक पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।