यूपी के श्रावस्ती में तराई में मंगलवार अब तक का सबसे ठंडा मौसम रहा। देर शाम शुरू हुआ घने कोहरे का प्रकोप पूरे दिन जारी रहा। इस बीच लगातार चल रही बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन बरकरार है। इस बीच सूरज के न निकलने के कारण लोग पूरे दिन अलाव का सहारा लेने को विवश दिखे। जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह से ठंडा हो चुका है। सोमवार को खिली धूप के कारण लोगों को राहत मिली थी, लेकिन मंगलवार पूरे दिन घना कोहरा छाया रहा। इससे रात में वाहनों की रफ्तार धीमी रही। तेज रफ्तार से चल रही पश्चिमोत्तर बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन काफी बढ़ गई है। इस बीच कोहरा पूरे दिन फुहार बन कर बरसता रहा। जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया। जिले में शुरू हुए इस शीतलहर के कारण लोगों को कपकपाती ठंड से जूझना पड़ रहा है। इससे राहत के लिए नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पूरे दिन अलाव का सहारा लेने को विवश रहे। मौसम के मिजाज में आए इस बदलाव ने किसानों में बेहतर पैदावार की उम्मीद जगा दी है। साथ ही पशुपालकों को अपने मवेशियों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता सताने लगी है। ऐसा ही कुछ गिलौला के तुलसीपुर में देखने को मिला। जहां शाम करीब तीन बजे लोग अलाव तापते नजर आए।