प्रेम प्रसंग के चलते शुक्रवार देर रात थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव नेहटा के रकबे में नाबालिग प्रेमी युगल ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव शनिवार सुबह धान के खेत में ट्यूबवैल की कोठरी के पास खड़े आम के पेड़ पर लटके मिले। रातभर परिजन दोनों की तलाश करते रहे, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह करीब नौ बजे खेत स्वामी खेत पर पहुंचा तो आम के पेड़ पर दोनों के शव लटके देखकर उसके होश उड़ गए। उसने घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कोतवाली चंदौसी और थाना बनियाठेर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ विवेक जावला ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।