रायबरेली: सई नदी में चीनी से लोड गिरे ट्रक को आखिरकार फतेहपुर जिले से आए गोताखोरों की टीम ने तीन क्रेन की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाल लिया। ट्रक निकलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।वहीं ट्रक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है और चीनी ट्रक से गायब थी। 30 सितंबर को लखीमपुर चीनी मिल से 500 बोरी चीनी लोड कर प्रयागराज के फूलपुर के लिए ट्रक निकला था। तीन अक्टूबर की सुबह भोर में डीह थाना के परशदेपुर क्षेत्र के सलोन-जायस रोड पर केशवापुर गांव के पास सई नदी के पुल की लोहिया रेलिंग को तोड़ते हुए ट्रक सई नदी में गिरा था। चालक ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई थी और इसकी सूचना ट्रक मालिक को दी। इसके बाद चालक फोन बंद कर भाग गया। नदी से ट्रक को निकालने में पुलिस प्रशासन लगातार सात दिन से प्रयास कर रहा था।