पीलीभीत में शहर से लेकर गांव तक होली का उल्लास बृहस्पतिवार सुबह से ही नजर आने लगा। गांधी स्टेडियम में टहलने वाले ग्रुप की ओर से सुबह छह बजे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोगों ने रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। लोग होली के गीतों पर थिरकते नजर आए। शहर के मोहल्ला साहूकारा स्थित राधा रमण मंदिर में बुधवार की रात श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल की ओर से होली महोत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान को रंग लगाकर जमकर होली खेली। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।