रेलवे के डीआरएम पुष्पेंद्र आर त्रिपाठी ने शुक्रवार दोपहर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर व्यवस्था का जायजा लिया। रेलवे स्टेशन अधीक्षक पवन कुमार से रेलवे परिसर में हो रहे निर्माण कार्याे की प्रगति की जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों व इंजीनियरों की टीम के साथ डीआरएम दोपहर में एक बजकर 58 मिनट पर रेलवे स्टेशन पर अपनी विशेष ट्रेन से पहुंचे। उन्होंने रेलवे स्टेशन अधीक्षक के साथ स्टेशन के बारह पार्किंग की व्यवस्था को देखा। टिकट विक्रय खिडकी के ऊपर बने प्रतीक्षालय में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट व अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। आरक्षण प्रतीक्षालय, आरपीएफ थाना के बारे में जानकारी लेने के बाद उन्होंने नई मंडी गेट की तरफ बने नए भवनों व निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति को देखा। उन्होंने रेलवे की गति शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यो को जल्द पूरा कराने के आदेश दिए। पचास मिनट के निरीक्षण के दौरान उनके साथ दिल्ली से आए रेलवे की विभिन्न शाखाओं वाणिज्य, सिग्नल, इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण करने के बाद डीआरएम दो बजकर 48 मिनट पर टपरी के लिए रवाना हो गए। वापसी में वह पौने पांच बजे मुजफ्फरनगर होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हुए।