आज एसआईआर प्रक्रिया के तहत वोट काटा जा रहा है। कल मकान, खेत, जमीन, राशन और आरक्षण से भी नाम काटा जाएगा। आने वाले समय में यह साजिश आम आदमी के बैंक खातों और लॉकर तक पहुंच जाएगी। यह देशवासियों के खिलाफ एक बहुत बड़ी साजिश है जो अंग्रेजों की गुलामी से भी खराब स्थिति में ले जाएगी। देश को इस षड्यंत्र से बचाने के लिए जनता को एकजुट होना होगा। यह बातें सपा कार्यालय में हुई बैठक में एसआईआर प्रभारी और कांठ विधायक कमाल अख्तर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। एसआईआर के मुद्दे पर आयोजित इस बैठक में सपा विधायक ने कहा कि यह सिर्फ वोट काटने की नहीं बल्कि लोकतंत्र को मिटाने की साजिश है। भाजपा और उसके सहयोगी दल चुनावी तंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं। एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर बूथों की लिस्ट गायब है। 2003 की सूची खुल नहीं रहीं हैं और मतदाताओं के नाम बिना कारण काटे जा रहे हैं। भाजपा लोकतंत्र को बंधक बनाकर सत्ता पर कब्जा बनाए रखना चाहती है लेकिन समाजवादी पार्टी इस साजिश का पर्दाफाश करेगी।