गोकुलदास गर्ल्स डिग्री कॉलेज में स्टार्टअप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अमर उजाला फाउंडेशन के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जिला लघु उद्योग केंद्र के इन्वेस्टमेंट मैनेजर गौरव राज सिंह ने कहा कि स्टार्टअप शुरू करने से पहले बाजार पर शोध करें। स्टार्टअप में कई मुश्किलें आती हैं लेकिन जो भी इन चुनौतियों का हल निकाल लेता है, वह एक सच्चा उद्यमी बन जाता है। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को स्टार्टअप शुरू करने के लिए कई योजनाओं और तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप शुरू करने से पहले व्यावसायिक योजना तैयार करना जरूरी होता है। इस योजना के तहत लोगों को वित्तीय सहायता मिल जाती है। योजना में बाजार पर शोध, संचालन, वित्तीय अनुमान और मार्केटिंग रणनीति जैसे महत्वपूर्ण तत्व शामिल होते हैं। उन्होंने छात्राओं को गवर्नमेंट स्कीम के तहत मिलने वाले लोन के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप की योजना अगर बैंक को पसंद आई तो लोन आसानी से मिल जाएगा। कई योजनाएं ऐसे भी हैं जिसके तहत लोन लेने के लिए किसी तरह का सामान गिरवी रखने की जरूरत नहीं होती है। उन्होंने कहा कि आपके पास कोई भी नया बिजनेस शुरू करने का विचार भले की नया हो, लेकिन इसमें तब तक सफलता नहीं मिल सकती जब तक बाजार को ठीक ढंग से समझ न लिया हो। इसलिए जिसके भी मन में स्टार्टअप शुरू करने के लिए कोई नया विचार आ रहा हो वह सबसे पहले उसे जमीनी स्तर पर शोध कर ले। इससे बिजनेस शुरू करने के लिए बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलेगा। छात्राओं ने कई नए व्यावसायिक योजनाओं को इन्वेस्टमेंट मैनेजर के साथ साझा किया। इन योजनाओं के तहत बिजनेस शुरू करने के तरीके बताए गए। उन्होंने कहा कि कई ऐसे भी बिजनेस हैं, जिसमें फंड की जरूरत नहीं होती है। जिले में कई ऐसे निर्यातक हैंं जिनके पास मार्केटिंग का कोई आइडिया नहीं है। उन्हें आइडिया शेयर कर बिजनेस किया जा सकता है।