मड़िहान स्थित नए तहसील सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल 66 मामले आए जिसमें सात का मौके पर निस्तारण हुआ। पटेहरा कला के करौदा गांव निवासीनि सुमन देवी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ब्लाक कर्मियों पर आरोप लगाया कि उसके पिता के परिवार रजिस्टर में उसे मृत दिखा दिया है।जिसको आधार बनाकर पिता की संपत्ति हड़प ली गई। जब पीड़िता स्वयं जिलाधिकारी के सामने पहुंच कर गुहार लगाई कि“साहब, मैं जिंदा हूं तो मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने एडीओ पंचायत पटेहरा धर्मेंद्र कुमार दुबे को कड़ी फटकार लगाई। परियोजना निदेशक को जांच कर रिपोर्ट देने को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। दूसरा गंभीर मामला सिरसी डूब क्षेत्र से जुड़ा सामने आया जहां ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गरीब व असहाय लोगों से धन उगाही कर उन्हें उजाड़ा जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही जिलेदार को निलंबित करने के निर्देश दिए तथा संबंधित एसडीओ से नाराजगी जताई।