मेरठ में एक मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और जांच की मांग को लेकर मंगलवार को युवाओं ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए मामले की जांच क्राइम ब्रांच अथवा सीबीआई से कराने की मांग उठाई। पीड़ित अवनीश कुमार, पुत्र चरण सिंह निवासी ग्राम फतेहपुर नारायण, थाना किठौर ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि इससे आरोपियों के हौसले बढ़ रहे हैं और उन्हें न्याय मिलने में बाधा आ रही है। प्रदर्शनकारियों ने मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने लाने के लिए उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से जल्द उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई। प्रदर्शन के दौरान आशीष, परवीन, यशपाल, विपुल, महेंद्र, उज्ज्वल राणा, कमलेश कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।