मेरठ के सरधना क्षेत्र के एक गांव के पास स्थित शराब ठेके पर तैनात सेल्समैन कुलदीप की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपी सुदेश उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया। हथियारों सहित पकड़े गए आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का दावा है कि मामूली विवाद में, सिर्फ गिलास न देने पर आरोपी ने कुलदीप को गोली मार दी थी। हालांकि गिरफ्तारी के बावजूद गांव में आक्रोश कम नहीं हुआ है। परिजन और ग्रामीणों ने सरधना थाने पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी के एनकाउंटर की मांग की। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से आमजन में भय का माहौल है और आरोपी के जमानत पर बाहर आने का खतरा बना रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस और आरोपी के बीच मिलीभगत हो सकती है, इसलिए कार्रवाई में ढिलाई बरती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे एसपी से शिकायत करेंगे और बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।